बांदा जिले के तिंदवारी में शौच के लिए घर से निकली अनुसूचित जाति की महिला का शव दो दिन बाद गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। उसके दोनों हाथ साड़ी से बंधे पाए गए। गले में साड़ी के निशान मिले हैं। शव मिलने की सूचना पर थाना पुलिस समेत उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटना स्थल की जांच की। आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या की गई और शव खेत में फेंक दिया गया।
थाना क्षेत्र के बछेउरा गांव निवासी सुशीला (35) पत्नी जय कुमार वर्मा बुधवार की देर शाम शौच करने घर से निकली थी। उसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने थाने में सूचना दी थी। पुलिस महिला की तलाश कर रही थी। इस बीच शुक्रवार को दोपहर गांव के कल्लू प्रजापति के सरसों के खेत में महिला का शव पड़ा पाया गया। कल्लू ने ग्राम प्रधान को सूचना दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर थाना पुलिस समेत एसपी अभिनंदन, अपर एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। फील्ड यूनिट फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा किए।