बांदा/बबेरू। बहन को ले जाने में फतेहपुर निवासी दोस्त की मदद करने के शक में भाई ने चचेरे भाई को तमंचे से गोली मार दी। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के तरायां गांव निवासी कुबेर सिंह का पुत्र दीपक सिंह (18) शनिवार को सुबह बाइक पर नाना शिवमोहन को छोड़ने बिनवट गांव जा रहा था। तभी घात लगाए चचेरे भाई मोहित सिंह ने गांव के मोड़ पर बाइक रोक ली। नाना शिवमोहन को बाइक से नीचे उतार दिया। मोहित और दीपक के बीच नोकझोंक होने लगी। इसी बीच मोहित सिंह ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसके पेट में लगी। घटना के बाद आरोपी भाग निकला। पुलिस ने उसे बबेरू सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया। यहां से कानपुर रेफर कर दिया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी नाना ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। बताया कि आरोपी मोहित सिंह को शक है कि पांच दिन पूर्व उसकी बहन को उसके नाती दीपक ने फतेहपुर निवासी दोस्त के साथ भगा दिया है। इसी बात पर वह रंजिश मान बैठा और गोली मार दी, जबकि दीपक को इसकी जानकारी तक नहीं है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
आरोपी मोहित तमंचा समेत गिरफ्तार
बबेरू कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार पाठक ने बताया कि घायल के चाचा जगतपाल की तहरीर पर मुख्य आरोपी मोहित सहित उसके पिता रामराज और चाचा बच्छराज व संसार सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी मोहित को तमंचा समेत गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। मोहित सिंह भाई रोहित सिंह के साथ तरायां गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता है। पिता रामराज सपरिवार खागा (फतेहपुर) में रहते हैं। पुलिस के मुताबिक मोहित के बहन के अपहरण की रिपोर्ट खागा में दर्ज है, लेकिन अब तक बहन नहीं मिली है और न ही आरोपी पकड़ा जा सका।