बांदा। कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत परिषदीय विद्यालय मल्टीपल हैंडवॉशिंग सिस्टम से लैस होंगे। विद्यालय में हैंडवॉश सैनिटाइजर, टॉयलेट क्लीनर, फिनायल, साबुन भी होगा। यह व्यवस्था कंपोजिट स्कूल बजट से की जाएगी।
प्रदेश के सर्व शिक्षा अभियान परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने सभी बेसिक शिक्षाधिकारियों को भेजे निर्देशों में कहा है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी विद्यालयों में मल्टीपल हैंडवॉशिंग सिस्टम की व्यवस्था की जाए। स्कूलों में हैंडवॉश, सैनिटाइजर, टॉयलेट क्लीनर, फिनायल, साबुन आदि भी हो।
इसकी व्यवस्था कंपोजिट स्कूल बजट से की जाए। इसके लिए डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला शिक्षा परियोजना समिति की बैठक में अनुमोदन लेकर जिला व तहसील स्तरीय दो अधिकारियों की समिति गठित कर गुणवत्ता का सत्यापन कराया जाए।
इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, जिससे स्कूल खुलने पर बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाया जा सके। बेसिक शिक्षाधिकारी हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि स्कूलों में मल्टीपल हैंडवॉशिंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि जिले में 1992 जूनियर और प्राथमिक विद्यालय हैं। इनमें सिर्फ 42 स्कूलों में ही हैंडवॉशिंग सिस्टम व्यवस्था है।