पैलानी (बांदा)। बिजली लाइन में फाल्ट सुधार रहे संविदा लाइन मैन की अचानक सप्लाई चालू होने से करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने हादसा होते देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने अब तक कोई तहरीर नहीं दी है। मौके पर जसपुरा सब स्टेशन के जेई ने जांच की है।
पैलानी थाना क्षेत्र के लसड़ा गांव निवासी आशीष कुमार ने बताया कि उसके चाचा उमाशंकर सविता (35) जसपुरा बिजली सब स्टेशन में लसड़ा फीडर में तैनात थे। शनिवार की शाम चार बजे वह बिलाहटी डेरा सिंधनकलां गांव में ट्रांसफार्मर की लाइन में आए फाल्ट को सुधारने गए थे। इस बीच लाइन चालू होने से उन्हें करंट लग गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जांच पड़ताल की। भतीजे के मुताबिक, वह भूमिहीन हैं। दो बेटियां व एक बेटा है। घर में पत्नी मैना देवी है। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। एक बड़े भाई रमाशंकर की छह माह पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है। जसपुरा बिजली सब स्टेशन में तैनात जेई मोहित कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इसमें जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, पैलानी थाना इंस्पेक्टर राजेश वर्मा ने बताया कि करंट लगने से हादसा हुआ है। परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप अब तक नहीं लगाया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।