चित्रकूट। संघ की शुक्रवार से शुरू हो रही राष्ट्रीय चिंतन बैठक को लेकर बृहस्पतिवार को संघ ने मीडिया को जारी विज्ञप्ति में बताया कि प्रतिवर्ष यह बैठक जुलाई माह में होती है, लेकिन कोरोना के चलते पिछले वर्ष नहीं हो पाई। इस बैठक में कोरोना गाइड लाइन के अनुसार कुछ कार्यकर्ता यहां प्रत्यक्ष रूप से व कुछ ऑनलाइन प्रतिभाग करेंगे।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि 9 व 10 जुलाई को 11 क्षेत्रों के क्षेत्र प्रचारक और सह क्षेत्र प्रचारकों की बैठक होगी। इसमें विशेष रूप से सर संघचालक डा. मोहन भागवत, सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले व सभी पांच सह सरकार्यवाह मौजूद रहेंगे।
साथ ही संघ के कार्य विभाग के अखिल भारतीय प्रमुख व सह प्रमुख भी सहभागी होंगे। 12 जुलाई को सभी 45 प्रांतों के प्रांत प्रचारक एवं सह प्रांत प्रचारक ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। 13 जुलाई को विविध संगठन के अखिल भारतीय संगठन मंत्री आभासी माध्यम से बैठक में सहभागी होंगे।
कहा कि यह बैठक सामान्यत: संगठनात्मक विषयों पर केंद्रित रहेगी। साथ ही कोरोना के संक्रमण से पीड़ित लोगों की सहायता के लिए स्वयंसेवकों द्वारा किए गए देश व्यापी सेवा कार्यों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि संभावित तीसरी लहर के प्रभाव का आकलन करते हुए आवश्यक कार्य योजना पर विचार होगा। प्रशिक्षण एवं तैयारी पर भी चर्चा होगी।
अनलॉक में धीरे-धीरे सामान्य हो रहे जनजीवन को देखते हुए संघ शाखाओं के संचालन की समीक्षा तथा योजनाओं पर चर्चा हो सकती है। संघ कार्यों का आकलन करते हुए नई योजनाओं पर विचार किया जाएगा। (संवाद)