फोटो - 46 बीच सड़क पर सिलिंडर के ऊपर बैठकर प्रदर्शन करते लोग। संवाद
बांदा। रसोई गैस सिलिंडरों की अनुपलब्धता और समय पर आपूर्ति न होने से नाराज उपभोक्ताओं का सब्र अब जवाब देने लगा है। बृहस्पतिवार को बांदा के स्वराज कालोनी जेल रोड पर उपभोक्ताओं ने खाली सिलिंडर सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। यह विरोध प्रदर्शन सुबह करीब 9:15 बजे शुरू हुआ और लगभग दो घंटे बाद 11 बजे के आसपास यातायात बहाल हो सका।
उपभोक्ता ममता और दीपक का कहना है कि वे कई दिनों से गैस सिलिंडरों के लिए कतारों में लग रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। उनकी मांग है कि जब तक उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल जाता, तब तक वे सड़क जाम जारी रखेंगे। उन्होंने जेल रोड पर स्टेडियम के सामने सड़क पर खाली सिलिंडर रखकर अपना रोष व्यक्त किया। वहीं सिलिंडर के उपभोक्ता भी आपस में भिड़ गए। जहां हंगामा होता रहा।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन चौकी इंचार्ज आनंद साहू मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और उनकी मांगों को सुना। काफी मशक्कत के बाद लगभग दो घंटे के जाम के बाद यातायात सामान्य हो सका। चौकी इंचार्ज ने सभी प्रदर्शनकारियों के नाम दर्ज किए और उन्हें आश्वासन दिया कि शर्मिला गैस एजेंसी द्वारा गाड़ी आते ही उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान उप-निरीक्षक ने सड़क से सिलिंडर हटवाकर जाम खुलवाने में मदद की।