बांदा। कांग्रेस के चार वरिष्ठ नेताओं ने बुंदेलखंड
के सूखा प्रभावित गांवों का जायजा लिया। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे
यहां बदहाली केंद्र सरकार तक पहुंचाएंगे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप
लगाया कि मनरेगा और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम पूरी ईमानदारी से लागू
किया जाता तो बुंदेलखंड की यह हालत न होती।
गुलाबी गैंग कमांडर संपत पाल के अनुरोध पर कांग्रेस नेताओं ने महोबा और हमीरपुर जनपद के लगभग एक दर्जन गांवों को भ्रमण किया।
इनमें
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, राजाराम पाल
और कांग्रेस के बुंदेलखंड प्रभारी जुबैर खां शामिल थे।
संपत पाल ने
बताया कि उन्होंने महोबा आए राहुल गांधी को भी बुंदेलखंड के गांवों की
तस्वीर बताई है। तंगहाली से जूझ रहे तमाम किसान व महिलाओं की आंखों में
कांग्रेस नेताओं के सामने ही आंसू आ गए। कांग्रेस नेताओं ने ग्राम प्रधानों
और कोटेदारों से भी बात की।
संपत पाल ने बताया कि महोबा जनपद के
भड़रा, मवई, उरवारा, सूपा, बरीपुरा, कबरई और हमीरपुर जनपद के पथरा, छानी,
बिगहना आदि गांवों का कांग्रेस नेताओं ने भ्रमण किया। इन नेताओं ने राहुल
गांधी के बुंदेलखंड भ्रमण के दौरान उन्हें भी इस स्थिति से अवगत कराया था।