विकास भवन के सामने अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर गरीबों के घर उजाड़ने की कार्रवाई का कांग्रेस ने विरोध किया है। मंगलवार को डीएम को ज्ञापन देकर बेघर हुए लोगों को आबाद करने की मांग की गई है।
मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने डीएम को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर एके पुष्कर को कलेक्ट्रेट में जाकर सौंपा। कहा गया कि मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में प्रशासन ने सोमवार को विकास भवन के आसपास आबाद गरीबों के घर उजाड़ दिए हैं।
इससे कई परिवार सड़कों पर आ गए हैं। उन दुकानों को भी तोड़ दिया गया, जिनकी कमाई से घर चलते थे। कांग्रेसियों ने पालिका की इस कार्रवाई पर रोष जताया है। कहा कि सीएम की अगवानी के नाम पर किसी का घर उजाड़ना अच्छी बात नहीं है।
उक्त बस्ती के लोगों को नोटिस तक नहीं दिया गया। अब प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह बेघर हुए गरीबों को छत दे। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अखिलेश शुक्ल, उपाध्यक्ष एमयू दुर्रानी, संतोष कुमार द्विवेदी, कुतैबा जमां खां, राममिलन पटेल, शोएब रिजवी, राजकुमार गर्ग, मकसूद अहमद, जहांगीर, प्रशांत समुद्रे, चंदा देवी भारती, मुबीन फारूकी आदि शामिल रहे।