नए भूमि अधिग्रहण कानून के विरुद्ध युवा कांग्रेस ने 23 जनवरी से चरणबद्ध देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। कांग्रेसियों का आरोप है कि भाजपा सरकार ने भूमि अधिग्रहण बिल पर किसी भी राजनैतिक दल से सलाह-मशविरा नहीं किया।
रविवार को पार्टी कार्यालय में युवा कांग्रेस के बुंदेलखंड प्रभारी/अध्यक्ष राहुल राय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भूमि अधिग्रहण अध्यादेश के खिलाफ 23 से 27 जनवरी तक हर विधान सभा क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन होगा।
दूसरे चरण में 28 से 31 जनवरी तक मंडल मुख्यालयों में प्रदर्शन किया जाएगा। श्री राहुल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इसकी जोरदार तैयारी में जुटने को कहा। युवा कांग्रेस नेता ने पार्टी हाईकमान के रुख का हवाला देकर कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश में सामान्य लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान नहीं कर रही है।
पिछले सात माह के अपने कार्यकाल में नौ अध्यादेश लाकर भाजपा सरकार ने अपनी मंशा और साफ कर दी है। राष्ट्रपति ने भी अध्यादेशों को लेकर केंद्र सरकार से सवाल किए हैं। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि यह काला अध्यादेश है। इस पर किसी राजनैतिक दल से सहमति नहीं ली गई। इसमें किसानों-आदिवासियों की जमीन निजी कंपनियों और उद्योगपतियों को सौंपने का रास्ता साफ कर लिया गया है।
इसके पूर्व कांग्रेस नेताओं ने श्री राहुल का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार शुक्ल, युवा कांग्रेस प्रांतीय महासचिव कुतैबा जमा खां, प्रदेश संगठन मंत्री राहुल सचान सहित पंकज सिंह हरिओम, सद्दा खां, जितेंद्र जीतू, केशव पाल, धीरेंद्र प्रताप सिंह, दीपक यादव, आदित्य कुमार सिंह, पुप्पेंद्र सिंह पटेल, राममिलन सिंह पटेल, श्री प्रकाश शुक्ल आदि उपस्थित रहे।