बांदा। मंडलीय अस्पताल परिसर में बन रहे 40 बेड के पीआईसीयू वार्ड का काम इसी माह पूरा कर लेने के निर्देश डीएम आनंद कुमार सिंह ने दिए हैं। इसे महत्वपूर्ण योजना बताते हुए किसी तरह की लापरवाही पर चेतावनी दी है। उधर, डीएम ने खटान पेयजल योजना स्थल का भी निरीक्षण किया।
शनिवार को डीएम ने जिला अस्पताल के 300 बेड वाले मंडलीय संयुक्त चिकित्सालय (जी 4) का निरीक्षण किया। सीएमएस डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि 40 बेड का पीआईसीयू वार्ड तैयार हो रहा है। आक्सीजन पाइप बिछाना बाकी है। डीएम ने इस काम के लिए प्रस्ताव पेश करने और वार्ड शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए। डीएम ने काम की प्रगति धीमी पाई।
इस पर परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिया कि आदमी बढ़ाकर सभी काम समय से पूरा कराएं। प्रबंधक ने बताया कि लिफ्ट मशीनें आ गईं हैं। जल्दी इन्हें लगाने का काम शुरू हो जाएगा। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा, राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर धर्मेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
उधर, रविवार (4 जुलाई) को खटान पाइप पेयजल योजना का निरीक्षण करने आ रहे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश के मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह के निरीक्षण के मद्देनजर शनिवार को डीएम ने योजना स्थल का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। एडीएम नमामि गंगे एमपी सिंह सहित एसडीएम महेंद्र प्रताप व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।