बांदा में जिला अस्पताल के पुरुष वार्ड में भर्ती मरीज के तीमारदार से दवाओं की जानकारी करते मंडलाय?
- फोटो : BANDA
बांदा। जिला अस्पताल परिसर में नवनिर्मित 200 बेड के जिला अस्पताल को अब तक चालू न किए जाने पर मंडलायुक्त गौरव दयाल ने संबंधित विभागों से क्लास ली। पानी आपूर्ति की व्यवस्था न होने पर अधिशासी अभियंता जल निगम को तत्काल व्यवस्था के निर्देश दिए। मरीजों द्वारा बाहर से दवा मंगाए जाने की शिकायत पर मंडलायुक्त ने सीएमओ को चेतावनी दी कि दोबारा यह शिकायत मिली तो कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
हाल ही में यहां कार्यभार ग्रहण करने वाले मंडलायुक्त नए गुरुवार को पहली बार जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। 200 बेड का बनकर तैयार अस्पताल के चालू न होने पर सवाल-जवाब किए। हीमो डायलिसिस सेंटर में मरीजों से दवाओं और डाक्टरों के रवैए के बारे में पूछा।
डाक्टरों की कमी के बाबत कहा कि शासन को लिखा जाएगा। पुरुष वार्ड में भर्ती मरीजों से जानकारी लेने पर बाहर की दवाइयां लिखे जाने की शिकायत मिलने पर कमिश्नर ने वहां मौजूद सीएमओ डा. संतोष कुमार को खबरदार किया कि यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि दवाइयां बाहर से हरगिज न लिखीं जाएं।
दोबारा ऐसा पाया गया तो कठोर कार्रवाई होगी। यह गलती क्षम्य नहीं होगी। कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ही काम किया जाएगा। आयुक्त ने सीटी स्कैन वार्ड, एनआरसी वार्ड और ब्लड बैंक का भी निरीक्षण किया। मरीजों से पूछताछ की। रक्त संग्रह और ट्रामा पोर्टेशन वैन के बारे में पूछा।
ब्लड बैंक प्रभारी डा.एसके वाजपेयी को निर्देश दिए कि वैन का इस्तेमाल शेड्यूल बनाकर किया जाए। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के गोल्डन कार्ड के बारे में सीएमओ ने बताया कि 1.38 लाख के सापेक्ष 69 हजार कार्ड बन चुके हैं।