समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त कल्पना अवस्थी ने वन संरक्षक को खबरदार किया कि अब सिर्फ पौधे लगा कर आंकड़े पेश करने से काम नहीं चलेगा। धरातल पर काम दिखाना होगा। उधर, डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी ने पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक में गुंडागर्दी करने वालों को कड़ा सबक सिखाने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने वन विभाग अधिकारियों से कहा कि जो पौधे लगाए जाएं, उनकी सुरक्षा हर हाल में होनी चाहिए। प्रभारी सीएमओ डॉ. एके सिंह द्वारा एनआरएचएम कार्यक्रम के संबंध में सही जानकारी न दे पाने पर नाराजगी जताई। सहायक निदेशक (बेसिक शिक्षा) से बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सभी प्राथमिक विद्यालयों की सूची सीएमओ कार्यालय भेजने को कहा।
अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने के आदेश दिए। पुलिस अधीक्षकों से कहा कि जनसंख्या के मुताबिक पुलिस चौकियों की जरूरत हो तो उसका प्रस्ताव भेजें। बैठक में चारों जिलों के जिलाधिकारी, एसपी, सीडीओ समेत मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।
उधर, डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी ने चारों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों के साथ कैंप कार्यालय में समीक्षा बैठक की। पुलिस महानिदेशक और आईजी के आदेशों का हवाला देकर कहा कि अप्रैल माह में या उसके पहले जहां अपराध बढ़े हैं, वहां पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
गुंडागर्दी और निर्बल वर्ग को सताने वालों पर कार्रवाई की समीक्षा में डीआईजी ने पाया कि जिलों में इस मामले में कुछ खास नहीं किया गया। डीआईजी ने आदेश दिया कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई हो। अंबेडकर जयंती पर पुलिस को विशेष चौकसी बरतने के लिए कहा। इसके अलावा अवैध खनन और लोडिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए।