बांदा। वाणिज्य कर विभाग कर्मियाें की अवैध वसूली और
ज्वाइंट कमिश्नर द्वारा व्यापारी नेताओं के साथ की गई दबंगई और बदसलूकी के
विरुद्ध युवा उद्योग व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
इसमें
सीएम से कार्रवाई का अनुरोध किया है। साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं
हुई तो आंदोलन किया जाएगा। सोमवार को व्यापारी नेताओं के जत्थे ने
कलेक्ट्रेट परिसर मेें प्रदर्शन व नारों के बीच सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन
सौंपा।
मुख्यमंत्री के नाम दिए गए ज्ञापन मेें आरोप लगाया कि
वाणिज्य कर कार्यालय के चालक और संविदा कर्मचारी स्टेशन रोड स्थित आटो
मोबाइल्स व अन्य दुकानों से अपने अधिकारियों की गाड़ी के लिए सामान ले जाते
हैं।
पैसा मांगने पर धमकी देते हैं। व्यापारियों से 500 रुपये
प्रतिमाह मांगे जा रहे हैं। न देने पर दुकान सील और सर्वे कराने की धौंस
धमकी दी जा रही है।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि इसकी शिकायत लेकर
व्यापार मंडल के पदाधिकारी वाणिज्य कर कार्यालय गए तो वहां ज्वाइंट कमिश्नर
ने उनके साथ धक्का मुक्की उनकी फाइलें खोल देने की धमकी दी।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इससे जाहिर होता है कि कर्मचारियों द्वारा की जा रही अवैध उगाही में उनका भी हाथ है।
मुख्यमंत्री
से मांग की ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई करके
व्यापारियों का उत्पीड़न रोका जाए। वरना धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन
देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिलाध्यक्ष मनोज जैन, युवा
जिलाध्यक्ष अमित सेठ भोलू, महामंत्री अशोक कुमार सहित रामआसरे पप्पू,
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष दानिश सईद शामिल रहे।
उधर, व्यापारी नेताओं
द्वारा लगाए गए आरोपों पर ज्वाइंट कमिश्नर ललित मिश्रा ने उल्टे ही व्यापार
मंडल जिलाध्यक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि उनके
वाहन को कोई सरकारी ड्राइवर नहीं है। न ही कोई विभागीय कर्मचारी अवैध वसूली
कर रहा है। व्यापारी नेताओं के आरोप झूठे हैं। उन्होंने अभद्र व्यवहार
नहीं किया।