बबेरू/कमासिन। जिला व क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव के
अंतिम चरण में दोनों ब्लाकों में मतदान के लिए 414 पोलिंग पार्टियां मतदान
केंद्रों में पहुंच गईं। गुरुवार को 925 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों
में बंद हो जाएगी। इनमें 145 डीडीसी व 780 बीडीसी सदस्य शामिल हैं।
बबेरू
ब्लाक में जेपी शर्मा इंटर कालेज से बुधवार को हल्की बूंदाबांदी के बीच
पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। यहां 61 ग्राम पंचायतों के 229 बूथों में
गुरुवार को वोट पड़ेंगे। जिला पंचायत सदस्य के वार्ड-पांच में 17, वार्ड-6
में 15, वार्ड-सात में 18 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 396 प्रत्याशियों की
राजनीतिक किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी।
मतदान में निगरानी के
लिए तीन जोनल, तीन सुपर जोनल और 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग प्रेक्षक (विशेष सचिव, यूपी सरकार) डा. केदारनाथ
पोलिंग पार्टियों के बूथों तक पहुंचने की खबर लेते रहे। 23 पोलिंग
पार्टियां यहां आरक्षित रखी गईं हैं।
उधर, कमासिन ब्लाक में बिनोवा
इंटर कालेज से 55 ग्राम पंचायतों के 185 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां
रवाना हुईं। यहां जिला पंचायत सदस्य के वार्ड-एक में 29, वार्ड-दो में 19,
वार्ड-तीन में 28, वार्ड-चार में 19 और बीडीसी के 384 प्रत्याशियों की
किस्मत गुरुवार को मतपेटियों में बंद हो जाएगी।
ब्लाक मुख्यालय में
19 पोलिंग पार्टियां रिजर्व में रखी गईं हैं। यहां दो जोनल, दो सुपर जोनल
और 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान पर निगरानी रखेंगे।