कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन देते हुए छात्र।
- फोटो : संवाद
अतर्रा। पीजी कॉलेज के छात्रों ने शनिवार को कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। कॉलेज प्रशासन पर बाउंड्री तुड़वाकर जमीन दूसरे को बेचने का आरोप लगाया। प्राचार्य गणेश शुक्ला ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
अतर्रा पीजी कालेज के छात्रों व छात्र नेताओं ने काॅलेज प्रशासन पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि एक वर्ष पहले तहसील प्रशासन की मदद से कालेज ने अपनी जमीन को कुछ बाहरी लोगों के कब्जे से मुक्त करवाकर उसमें बाउंड्री का निर्माण कराकर कब्जे में लिया था, लेकिन कालेज प्रशासन ने उसी बाउंड्री को तुड़वाकर रास्ते के नाम पर बाहरी व्यक्ति को बेच दिया है।
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने बाउंड्री को दोबारा बंद कराने समेत छात्रों की सहमति के बगैर प्रवेश फार्म में बढ़ाए गए 50 रुपए के शुल्क को वापस करने की बात कही है, साथ ही पुरुष छात्रावास में रह रहे कालेज के शिक्षकों को छात्रावास खाली कर अन्य जगह रहने की मांग की है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया है पिछले दो वर्षों में टूरिज्म और हॉस्पिटालिटी विभाग में एक भी छात्र का प्रवेश नहीं हुआ है।
प्रवक्ता प्रबंध समिति की सांठगांठ से घर बैठे वेतन उठा रहे है। छात्रों ने प्राचार्य को चेतावनी दी है कि शीघ्र ही उक्त समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो छात्र आंदोलन व अनशन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान गोविंद उपाध्याय, विकास दीक्षित, अविनाश कुमार, हेतराम, प्रथम सहित आधा सैकड़ा छात्र उपस्थित रहे। कालेज प्राचार्य डा. गणेश शुक्ला ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिये मंगलवार तक का समय दिया गया है। छात्र हितों को ध्यान में रखते हुये अग्रिम निर्णय लिया जायेगा।