तहसील परिसर में फरियादियों के लिए रखवाए गए घड़े। संवाद
नरैनी। भीषण गर्मी के बीच तहसील परिसर में ठंडे पानी की व्यवस्था न होने पर प्रशासन हरकत में आया। मंगलवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद यह कदम उठाया गया। परिसर में आमजन के लिए मिट्टी के दो मटके रखवाए गए। इससे फरियादियों और ग्रामीणों को कुछ राहत मिली।
अमर उजाला ने तहसील में स्थापित वाटर कूलर बने शोपीस शीर्षक से खबर छापी थी। इसमें तहसील प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए गए थे। खबर में दोनों वाटर कूलरों के खराब होने की समस्या प्रमुखता से उठाई गई थी। लोग गर्म पानी पीने के लिए मजबूर हो रहे थे। भीषण गर्मी के बावजूद प्रशासन लंबे समय तक मूकदर्शक बना रहा। फरियादियों को ठंडा पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। समाचार प्रकाशित होने के बाद तहसीलदार सतीश वर्मा ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अधीनस्थ कर्मचारियों को तत्काल मटके रखवाने के निर्देश दिए। मंगलवार को तहसील परिसर में दो मिट्टी के मटके रखवाए गए।