मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 मार्च को करीब ढाई घंटे के लिए बांदा आएंगे। यह पूरा समय नरैनी रोड पर स्थित नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज कैंपस में बिताएंगे। उनका हेलीकाप्टर वहीं बने हैलीपैड उतरेगा।
मेडिकल कॉलेज सहित करीब 5.86 अरब रुपये से ज्यादा लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और 35 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास होगा।
मुख्यमंत्री लखनऊ से बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे हेलीकाप्टर पर उड़ान भरेंगे। 9:45 बजे मेडिकल कॉलेज कैंपस में हैलीपैड पर उतरेंगे। वहां से चंद कदम दूर बने मंच पर कार से जाएंगे।
10:10 बजे मेडिकल कॉलेज की ओपीडी का उद्घाटन/लोकार्पण करेंगे। 10:15 से 11:15 बजे तक (एक घंटा) वहीं पर बनाए गए मंच पर के पास 18 योजनाओं का शिलान्यास और 44 योजनाओं के लोकार्पण की रस्म अदा करेंगे।
इसी के बाद करीब 15 मिनट जनसभा संबोधित करेंगे। 11:30 बजे वह हेलीकाप्टर से वापस लखनऊ कूच कर जाएंगे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा ‘जेड प्लस’ श्रेणी की है। एनएसजी सुरक्षा भी रहेगी। उनके आगमन के एक दिन पहले लखनऊ से 20 सुरक्षा कर्मियों का जत्था यहां आ जाएगा।
उधर, मेडिकल कालेज परिसर में जनसभा आदि की रात-दिन तैयारियां चल रही हैं। 55 फीट लंबा-चौड़ा मंच बनाया गया है। 250 फीट लंबा और 200 फीट चौड़ा पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसमें लगभग 6000 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। मेडिकल कॉलेज के बाहर सड़क किनारे झुग्गी-झोपड़ी में दुकानें छोड़कर जीवन बसर कर रहे लोगों को प्रशासन ने उखाड़ फेंका है।
900 को पेंशन 60 किसानों को मिलेगा बीमा योजना का लाभ
बांदा। मुख्यमंत्री 900 लाभार्थियों को समाजवादी पेंशन बांटेंगे। इनमें बड़ोखर ब्लाक के 400, तिंदवारी ब्लाक के 200 और नरैनी, बबेरू व महुआ ब्लाक के 100-100 लाभार्थी शामिल हैं।
60 किसानों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के चेक दिए जाएंगे। 25 लाभार्थियों को लोहिया आवास, 20 को मछुआ समुदाय आवास बांटेंगे। श्रम प्रवर्तन विभाग के 100 मजदूरों को भी सौगात मिलेगी। इन सभी लाभार्थियों को सीएम के हाथों अधिकार पत्र दिए जाएंगे। पैसा पहले ही उनके खाते में भेजा जा चुका है।
डीजीएमई बांदा पहुंचे
कानपुर। 12 मार्च को बांदा मेडिकल कॉलेज में सीएम के हाथों ओपीडी के उद्घाटन के मद्देनजर महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा (डीजीएमई) डॉ. वीएन त्रिपाठी मंगलवार की शाम बांदा पहुंचे। डीजीएमई डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में ओपीडी शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। ओपीडी शुरू होने से मरीजों को काफी फायदा होगा।
प्रमुख सचिव आज आएंगे
बांदा। मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करने आ रहे मुख्यमंत्री के मद्देनजर प्रदेश के प्रमुख सचिव (चिकित्सा शिक्षा) राज प्रताप सिंह 11 मार्च को शाम 6:30 बजे बांदा आएंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम शामिल रहेंगे। डेढ़ बजे सरकारी कार से वापस लौट जाएंगे। यह जानकारी उनकी निजी सचिव मीना अग्रवाल ने दी।
नेता प्रतिपक्ष भी 12 को आएंगे
बांदा। नेता विपक्ष (विधान परिषद) नसीमुद्दीन सिद्दीकी भी 12 मार्च को बांदा आ रहे हैं। सीएम के आगमन के कुछ ही देर बाद वह दो दिवसीय दौरे पर बांदा पहुंचेंगे। पुलिस प्रशासन को एक तरफ जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर भारी सुरक्षा व्यवस्था करनी है, वहीं ‘जेड प्लस’ सुरक्षा प्राप्त श्री सिद्दीकी को भी सुरक्षा उपलब्ध करानी होगी।