बांदा। नवनिर्मित राजकीय मेडिकल कालेज में जुलाई माह से एमबीबीएस कक्षाएं शुरू होने की मुख्यमंत्री की घोषणा कोरी साबित हुई। घोषित माह खत्म हो गया लेकिन कक्षाएं चालू नहीं हुईं। हालांकि भवन और कक्षाएं बनकर तैयार हैं। छात्रों का इंतजार है। पिछले वर्ष मार्च माह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मेडिकल कालेज का उद्घाटन कर गए थे। इस मौके पर उन्होंने जनसभा के मंच से घोषणा की थी कि जुलाई 2016 से मेडिकल कालेज में एमबीबीएस कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। यहां 100 सीटों पर दाखिले होंगे। मुख्यमंत्री के साथ आए प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने भी मंच से यही घोषणा की थी। तब से एमबीबीएस कक्षाओं की तैयारियां चल रहीं थीं। इस बीच मेडिकल कालेज प्रशासन ने कई बार यही दोहराया कि जुलाई में कक्षाएं शुरू होंगी। लेकिन जुलाई खत्म हो गई और कक्षाएं नहीं शुरू हुईं।
इससे मुख्यमंत्री की घोषणा की भी किरकिरी हो रही है। अब राजकीय मेडिकल कालेज में एमबीबीएस कक्षाएं पहली अक्तूबर से शुरू होने की बात कही जा रही है। 30 सितंबर तक दाखिले होंगे। छात्रों के लिए मेडिकल कालेज परिसर में हास्टल बनाया गया है। पढ़ाने वाले प्रवक्ताओं की भी तैनाती की गई है। प्राचार्य डा. सुनील कुमार आर्या ने बताया कि एमबीबीएस का परीक्षा परिणाम और काउंसलिंग में देरी से जुलाई माह में कक्षाएं नहीं शुरू हो सकीं। अब यह प्रक्रिया शुरू हो गई है। चालू माह अगस्त में 25 फीसदी प्रवेश ले लिए जाएंगे। 30 सितंबर तक सभी सीटों पर दाखिले हो जाएंगे।