अतर्रा। 12 वर्षीय छात्रा ने घर के कमरे में साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। मां मवेशी चराकर घर लौटीं तो पुत्री को फंदे से लटका देखा तो उसके होश उड़ गए। पिता मकान के दूसरे खंड में चल रहे निर्माण कार्य में व्यस्त थे।
कोतवाली क्षेत्र के अतर्रा ग्रामीण के मजरा गुठिल्ला पुरवा निवासी रामकिशोर ने बताया कि उसकी पुत्री राधा (12) ने बुधवार की दोपहर तीन बजे करीब अपने घर के कमरे में साड़ी से छत से छल्ले से लटककर जान दे दी। घटना के समय वह मकान के दूसरे खंड में चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरों के साथ व्यस्त थे।
शाम करीब चार बजे जब मां राजरानी खेत से मवेशी चराकर लौटीं तो उन्होंने घर में राधा को तलाश किया तो वह घर के कमरे में लटकी मिली। राधा बूटूबाई आवासीय विद्यालय में कक्षा सात की छात्रा थी। पिता मजदूरी करते हैं। पिता के मुताबिक, कुछ दिनों से राधा का स्वास्थ्य सही नहीं रहता था, उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था।
वह दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटी थी। दोनों भाई में से एक भाई प्राइवेट कोचिंग पढ़ाता है तो दूसरा नर्सिंगहोम में कर्मचारी है। घटना के बाद परिजन अचेत अवस्था में नजदीकी सीएचसी मे लाए, जहां डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। अतर्रा कोतवाली इंस्पेक्टर ऋषिदेव सिंह ने बताया कि परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता सके हैं। शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।