बांदा। अयोध्या में सोमवार को होने वाले श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर बांदा में भी भव्य तैयारियां की गईं। शहर को केसरियां झंडी, झंडों सहित बिजली की रोशनी से सजाया गया है। मंदिरों में की छटा देखते ही बन रही। कई मंदिरों में धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। श्रीराम आएंगे भजन पर राम भक्त खुशियां मना रहे हैं।
रामजानकी मंदिर निम्नीपार को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। पूरे मंदिर में श्रीराम के चित्र लगाए गए है। सोमवार को हवन पूजन व भंडारे का आयोजन किया जाएगा। छोटी बाजार के हनुमान मंदिर सहित आसपास के एक किलोमीटर के दायरे को केसरिया झंडी व झंडों सहित झालरों से सजाया गया है। रामायण पाठ, सुंदर कांड आदि के आयोजन होंगे।
महेश्वरी देवी मंदिर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। अयोध्यावासी मंदिर में श्रीराम कथा का समापन व भंडारा होगा। संकट मोचन मंदिर में श्रीराम संकीर्तन होगा। बाबेश्वर मंदिर में भव्य शृंगार के साथ महाआरती व भजन कीर्तन के आयोजन होंगे। कालीदेवी मंंदिर को भी भव्य सजाया गया है। यहां कई धार्मिक कार्यक्रम रखे गए हैं।
इसके अलावा शहर के एक दर्जन स्थानों पर कन्या भोज व भंडारे होंगे। इसके अलावा महाराणा प्रताप चौक, झंडा चौराहा, बाबूलाल चौराहा, खुटला, अतर्रा चुग्गी चौकी आदि में भव्य सजावट की गई है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के समापन पर महाआरती का आयोजन होगा।