बांदा। जिले में तेजी से पनप रहे कोरोना संक्रमण और भाजपा की एक डीडीसी प्रत्याशी की कोरोना से मौत और दूसरे प्रत्याशी के संक्रमित होकर अस्पताल में भर्ती होने के बाद भाजपा विधायक प्रकाश द्विवेदी ने पंचायत चुनाव तत्काल स्थगित करने की वकालत की है।
कहा कि गांव-गांव में घूम रहे प्रत्याशी और समर्थक कोरोना संक्रमण बढ़ा रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बांदा सदर सीट से विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि कोरोना व्यापक रूप से लगातार बढ़ रहा है। आम लोगों में भय व दहशत का माहौल है। प्रत्याशी और उनके समर्थक गांवों में रात दिन घूम रहे हैं। सामाजिक दूरी पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। गांवों में तेजी से कोरोना बढ़ रहा है। बांदा जनपद की स्थिति बहुत दर्दनाक व भयावह है।
विधायक ने कहा कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य और वर्तमान चुनाव में भाजपा की घोषित प्रत्याशी गीता सागर की संक्रमण से मौत हो चुकी है। एक अन्य भाजपा प्रत्याशी संक्रमित होकर अस्पताल में भर्ती है। पंचायत चुनाव के कारण वायरस लोगों को चपेट में ले रहा है। विधायक ने मुख्यमंत्री से कहा कि पंचायत चुनाव को आगे बढ़ाने के लिए विधिक कार्रवाई के लिए संबंधितों को आदेश करने की कृपा करें।