बांदा। जनपद की चार ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान पद प्रत्याशियों के निधन के बाद हुए चुनाव में दो महिलाओं और दो पुरुषों के सिर ग्राम प्रधानी का ताज सज गया। बड़ोखर ब्लाक के पचुल्ला ग्राम पंचायत से माया देवी, जसपुरा के खप्टिहा खुर्द से राजेश निषाद, महुआ के रिसौरा से रामऔतार और नरैनी के पल्हरी ग्राम पंचायत से इंद्रकली निर्वाचित घोषित हुईं। निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें प्रमाणपत्र बांटे।
मतगणना के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जनपद के पचुल्ला, खप्टिहा खुर्द, रिसौरा और पल्हरी ग्राम पंचायत में नामांकन के बाद यहां ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशियों का निधन हो गया था। चुनाव आयोग ने 29 अप्रैल को हुए मतदान में इन ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान पद का चुनाव निरस्त कर दिया था। इनमें 9 मई को मतदान हुआ। मंगलवार (11 मई) को ब्लाक मुख्यालयों में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। दोपहर को ही चारों ग्राम पंचायतों के नतीजे घोषित कर दिए गए। पचुल्ला ग्राम पंचायत से माया देवी 283 मत पाकर विजयी रहीं, जबकि खप्टिहा खुर्द ग्राम पंचायत में राजेश निषाद 309 वोट पाकर ग्राम प्रधान बने। वहीं रिसौरा ग्राम पंचायत में रामऔतार 727 मत पाकर विजेता बने, जबकि पल्हरी ग्राम पंचायत में प्रधान चुनी गईं इंद्रकली को 554 वोट हासिल हुए। इन सभी को निर्वाचन अधिकारी ने अधिकृत प्रमाणपत्र सौंपा।
पति को गंवाकर इंद्रकली बनीं ग्राम प्रधान
बांदा। जसपुरा ब्लाक के खप्टिहा खुर्द से मृत प्रत्याशी शिव प्रसाद की पत्नी रामादेवी और नरैनी ब्लाक के पल्हरी ग्राम पंचायत से मृत प्रत्याशी जगत यादव की पत्नी इंद्रकली चुनाव मैदान में थी। इनमें इंद्रकली ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्याम सुंदर यादव को 255 वोट से शिकस्त दी। इंद्रकली को 554 व श्याम सुंदर को 299 मत मिले। खप्टिहा खुर्द से शिव प्रसाद की पत्नी रामादेवी कमाल नहीं दिखा सकीं। वह 215 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहीं। यहां राजेश निषाद ने प्रधान पद पर चुने गए। अन्य दो ग्राम पंचायत पचुल्ला व रिसौरा में मृत प्रत्याशी के परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ा।
73 मतों से जीतकर राजेश दूसरी बार बने प्रधान
जसपुरा/तिंदवारी। जसपुरा ब्लाक परिसर में रविवार को ग्राम पंचायत खप्टिहा खुर्द ग्राम प्रधान पद की मतगणना हुई। सुबह 8 बजे शुरू मतगणना दोपहर डेढ़ बजे समाप्त हो गई। 309 वोट पाकर राजेश निषाद ने प्रतिद्वंद्वी कृष्णपाल को 73 मतों से हरा दिया। कृष्णपाल को 236 मत मिले। तीसरे नंबर पर मृतक प्रधान प्रत्याशी शिव प्रताप की पत्नी रामादेवी रहीं। इन्हें 215 वोट मिले। चुनाव अधिकारी सौरभ यादव ने राजेश निषाद को प्रमाणपत्र दिया। राजेश निषाद वर्ष 2010 में गांव का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2015 के चुनाव में वह 106 वोटों से पराजित हुए थे। (संवाद)
सहानुभूति वोटों से जीतीं इंद्रकली
नरैनी। पल्हरी ग्राम पंचायत की मतगणना में मृतक प्रधान प्रत्याशी जगत यादव की पत्नी इंद्रकली ने 255 मतों से जीत हासिल की। उन्होंने 554 वोट पाकर श्याम सुंदर (299 मत) को पराजित किया। निर्वाचन अधिकारी ने प्रमाणपत्र दिया। गौरतलब है कि 29 अप्रैल को प्रधान प्रत्याशी जगत यादव की मृत्यु के बाद चुनाव निरस्त कर दिया गया था। माना जा रहा कि इंद्रकली सहानुभूति वोट पाकर विजयी हुईं। मतगणना के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा। उपजिलाधिकारी व खंड विकास अधिकारी मतगणना पर निरंतर नजर बनाए रहे। (संवाद)
रामऔतार बने प्रधान, पुलिस ने भीड़ हटाई
अतर्रा। महुआ ब्लाक के रिसौरा ग्राम पंचायत प्रधान पद पर रामऔतार ने कब्जा जमा लिया। उन्होंने 727 वोट पाकर प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी घनश्याम (517 मत) को 210 वोटों से पराजित कर दिया। निर्वाचन अधिकारी ने जीत का प्रमाणपत्र दिया। ब्लाक परिसर में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई। दोपहर दो बजे नतीजे घोषित कर दिए गए। उप जिलाधिकारी ने विजयी प्रत्याशी से कोरोना संक्रमण के मद्देनजर जुलूस निकालने पर रोक लगा दी। पुलिस बल ने समर्थकों की भीड़ हटाई। (संवाद)
नौ प्रत्याशी 100 वोटों के अंदर सिमट गए
बांदा। बड़ोखर खुर्द ब्लाक परिसर में ग्राम पंचायत पचुल्ला के प्रधान पद की गिनती हुई। सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना दोपहर को खत्म हो गई। यहां माया देवी विजयी रहीं। उन्हें 283 मत मिले। दूसरे नबंर पर पट्टू को 134 और तीसरे नंबर पर सीताराम को 125 वोट मिले। अन्य 9 प्रत्याशी गेंदालाल, बसंत लाल, वीर बहादुर, भंवर पाल, राजाराम, राम प्रसाद, श्याम बाबू, शारदा प्रसाद व सीमा आदि 100 वोटों के अंदर सिमट गए। गणना पर्यवेेक्षक व निर्वाचन अधिकारी ने विजयी प्रत्याशी को प्रमाणपत्र दिया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने नवनिर्वाचित प्रधान का फूलों से स्वागत किया। (संवाद)
विजयी प्रत्याशी और प्रतिद्वंद्वी को मिले मत
ब्लाक/ग्राम पंचायत विजयी मत मिले प्रतिद्वंद्वी मिले मत
बड़ोखर (पचुल्ला) माया देवी 283 पट्टू 134
जसपुरा (खप्टिहा खुर्द) राजेश निषाद 309 कृष्णपाल 236
महुआ (रिसौरा) रामऔतार 727 घनश्याम 517
नरैनी (पल्हरी) इंद्रकली 554 श्याम सुंदर 299