आंगनबाड़ी केंद्र में लगा ताला व बाहर मौजूद कार्यकर्ता।
- फोटो : संवाद
पैलानी। पपरेंदा गांव के प्राथमिक विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के जर्जर भवन में प्रधानाध्यापक ने ताला लगा दिया। इससे दस दिनों से बच्चे परेशान है। भवन बंद होने से बच्चों को बैठने तक की जगह नहीं मिलती, वह यहां-वहां भटकते हैं।
पपरेंदा गांव के प्राथमिक विद्यालय भाग एक में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के करीब 80 बच्चे दस दिनों से यहां-वहां घूम रहे हैं। उन्हें न तो शिक्षण कराया जा रहा है और न ही अन्य योजनाओं का लाभ मिल पाता है। केंद्र की कार्यकर्ता पुष्पादेवी व चुन्नी देवी ने बताया कि विद्यालय के जिस कक्ष में आंगनबाड़ी केंद्र चलता था, वहां प्रधानाध्यापक शोभा यादव ने 28 सितंबर को ताला लगा दिया।
केंद्र में ताला लगा होने से अन्य विभागीय कार्य भी नहीं हो पा रहे। इसकी शिकायत कार्यकर्ताओं ने बीएसए से की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानाध्यापक मनमानी कर रहे हैं। केंद्र में ताला लगाना बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ जैसा है। कहा कि जल्द ही किसी अन्य जगह पर केंद्र संचालित कराया जाए।
वर्जन
आंगनबाडी केंद्र का भवन जर्जर हालत में है। इससे बच्चों को खतरा है। इसी वजह से भवन में ताला लगाया गया है। बीईओ को पत्र लिखकर दूसरे स्थान पर बच्चों को बैठाए जाने की व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।-आरएस यादव, बाल विकास परियोजना अधिकारी