बबेरू (बांदा)। घर के पीछे स्थित तालाब में डूबकर तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। चचेरा भाई उसके लिए सुबह केला लेकर आया। वह घर में नहीं दिखा तो पीछे तालाब में देखा, जहां उसका शव पानी में उतरा नजर आया। तब परिजनों को जानकारी हो सकी।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के थरथुवा गांव निवासी लालबहादुर ने बताया कि उसका चचेरा भाई शिवा सोमवार को सुबह खेलते हुए घर के पीछे स्थित तालाब के पास पहुंच गया। पैर फिसल जाने से वह उसमें गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। शिवा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घर में मां संतोषिया का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता रामबाबू सूरत में रहकर मजदूरी करता है। बबेरू कोतवाली इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि तालाब में डूबने से बालक की मौत हुई है।