पैलानी (बांदा)। तालाब के किनारे खेलते समय पैर फिसलने से गिरे पांच वर्षीय बालक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। देर शाम जब परिजन खेत से लौटे तो उन्होंने घर में उसे न पाकर उसकी तलाश कराई लेकिन सुराग नहीं मिला। तलाश के दौरान देर रात उसका शव तालाब में उतराता मिला।
पैलानी थाना क्षेत्र के पिपरहरी गांव निवासी गनेश ने बताया कि उनके पड़ोसी सुमत प्रजापति का पांच वर्षीय पुत्र शिवांश बुधवार को सुबह घर से खेलने के लिए निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो खेत से लौटे पिता सुमत प्रजापति व मां गुड़िया ने उसकी तलाश की। पता नहीं चलने पर गांव में मुनादी भी कराई। शंका के आधार पर घर से कुछ ही दूरी पर स्थित बड़ी तलैया के नाम से तालाब में खोजबीन के साथ पुलिस को जानकारी दी गई।
देर शाम ग्रामीणों ने उसका शव तालाब में उतराता देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाया। वह तीन भाई दो बहनों में सबसे छोटा था। पिता खेती किसानी करते हैं। पैलानी थाना इंस्पेक्टर राजेश वर्मा ने बताया कि तालाब में डूबकर बच्चे की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।