बांदा। पड़ुई गांव में मुख्य सचिव आलोक रंजन की ग्रामीणों के साथ चौपाल और रात्रि विश्राम के लिए एक तरफ सब कुछ ठीकठाक करने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है वहीं गांव में विरोध की भी सुगबुगाहट है।
गांव के सौखीलाल यादव ने मुख्य सचिव के ठहरने वाले स्थान (स्कूल) के सामने तंबू गाड़कर अनशन शुरू कर दिया है। एक दर्जन से ज्यादा आत्महत्याओं और बदहाली के लिए चर्चा में रहे पड़ुई गांव के दिन बहुर गए हैं। मुख्य सचिव यहां बुधवार की पूरी रात यहां गुजारेंगे।
उनके लिए परिषदीय स्कूल को नए कलेवर में सजाया और संवारा गया है। लोहिया आवास आवंटन में धांधली के विरोध में इसी गांव के बाशिंदे सौखीलाल ने मंगलवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उधर, भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बुंदेलखंड प्रवक्ता आशीष सागर ने बताया कि सर्किट हाउस में मुख्य सचिव से संतोषजनक मुलाकात नहीं हो पाई तो यूनियन पडुई गांव जाकर अपना विरोध जताएगी। उधर, जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने ग्रामीणों, किसानों और विभिन्न संगठनों से कहा है कि मुख्य सचिव सर्किट हाउस में शाम 5 से 5:30 बजे तक मंडल के जनप्रतिनिधियों से मिलेंगे।