फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: आज बांदाआएंगे मुख्यमंत्री...बारिश लेगी प्रशासन की अग्नि परीक्षा

Thu, 09 Jul 2026 12:15 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
विज्ञापन
सीएम की सभा स्थल पर भरा पानी। संवाद
विज्ञापन
बांदा। शहर के पंडित जेएन कॉलेज के ग्राउंड में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन से पहले दो दिन हुई बरसात ने इस वीआईपी कार्यक्रम की तैयारियों में खलल डाल दिया है। आयोजन स्थल बरसात के कारण अस्त-व्यस्त हो गया है। पंडाल के अंदर से लेकर बाहर खुले स्थान पर जलभराव और कीचड़ ने प्रशासन के पसीने छुड़ा दिए हैं। कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए यहां पर बड़े स्तर पर डस्ट व मौरंग के जरिये मैदान को ठीक किया जा रहा है। गाड़ियों के आने-जाने के लिए ईंट बिछाकर रास्ता तैयार कराया जा रहा है। बुधवार को भी शहर में जमकर बरसात हुई है।
विज्ञापन

बांदा में लगातार दूसरे दिन काफी बरसात हुई। ऐसे में मुख्यमंत्री की जनसभा की तैयारियों में अधिकारियों को ज्यादा पसीना बहाना पड़ा। हालांकि प्रशासन बरसात के कारण हुई अव्यवस्था को ठीक करने के लिए पूरी ताकत से लगा हुआ है। बुधवार को पंडित जेएन कॉलेज ग्राउंड में बरसात के कारण जलभराव और कीचड़ को देखते हुए मैदान को दुरुस्त करने का काम शुरू कराया गया। मुख्य पंडाल और मंच तक जाने के लिए पहले जिस कच्चे रास्ते का प्रयोग होना था, वह अब खराब हो चुका है।
ऐसे में प्रशासन ने यहां पर कंक्रीट डस्ट, मौरंग बिछाकर इसके ऊपर ईंट का खड़ंजा बनवाना शुरू कर दिया, ताकि मुख्यमंत्री व काफिले की अन्य गाड़ियां सुरक्षित मंच तक पहुंच सकें। इसी तरह से पंडाल के अंदर और बाहर काफी पानी भर गया है। जिसे बाहर निकाल कर वहां पर डस्ट बिछाकर उसे चलने योग्य बनाया जा रहा है। बुधवार को इन तैयारियों के बीच दोपहर में फिर से बरसात हुई। इस कारण फिर से अव्यवस्था फैली। क्योंकि पंडाल वाटरप्रूफ है।
विज्ञापन


इसलिए जनता के बैठने का इंतजाम तो प्रशासन अंतिम समय तक कर लेगा, लेकिन खुले स्थान को ठीक करने के लिए प्रशासन को जमकर पसीना बहाना पड़ रहा। लोगों का आवागमन इसी रास्ते से होने वाला है। ग्राउंड में पंडाल बनकर तैयार हो चुका और सजावट, पंखे, कूलर, लाइट, साउंड लगने का काम बुधवार को किया गया।

आज एक घंटे शहर में रहेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्रकूट से बृहस्पतिवार को पं जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज आएंगे। यहां वह 70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी करेंगे। प्रोटोकॉल के अनुसार सुबह 10:35 बजे चित्रकूट एयरपोर्ट से बांदा के लिए रवाना होंगे। 10:50 बजे बांदा पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद 10:55 बजे सभा स्थल पर पहुंचकर करीब एक घंटे कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 11:55 बजे सभा स्थल से रवाना होकर 12 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से राजकीय हेलीकॉप्टर से लखनऊ की ओर रवाना होंगे।

कार्यक्रम स्थल, भ्रमण मार्ग व हेलीपैड पर होगी त्रिस्तरीय व्यवस्था
बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बांदा आगमन को लेकर प्रशासन फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। पुलिस व प्रशासन ने संयुक्त रूप से ड्यूटी में लगे प्रशासनिक व पुलिस बल की बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल, भ्रमण मार्ग व हेलीपैड में त्रिस्तरीय व्यवस्था रहेगी।



पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेन्द्र एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मायाशंकर यादव ने कलक्ट्रेट स्थित सभागार में संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल, भ्रमण मार्ग, हेलीपैड, बाइक एस्कार्ट, मीडिया व्यवस्था, आपातकालीन कार्ययोजना का मूल्यांकन किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओ, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, वीआईपी सुरक्षा, प्रवेश व निकास व्यवस्था की गहन समीक्षा की। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक समेत जनपद के अधिकारी व पुलिस बल मौजूद रहा। (संवाद)

सीएम की सभा स्थल पर भरा पानी। संवाद

सीएम की सभा स्थल पर भरा पानी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें