बांदा। मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के लिए अब मतदाताओं को एक महीने का समय दिया गया है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने मतदाताओं से सूची में अपना नाम जांचने और किसी तरह की गड़बड़ी होने पर निर्धारित प्रारूप में आवेदन करने की अपील की है।
जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों तिंदवारी, बबेरू, नरैनी और बांदा में पदाभिहित स्थलों और मतदान केंद्रों पर अधिकारी व बीएलओ आवेदन प्राप्त करेंगे। निर्वाचन आयोग ने 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की हैं। मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर फार्म-6 और विवरण में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रारूप में आवेदन किया जा सकता है।
जिले में कुल 12,40,375 मतदाता हैं। इनमें 6,86,366 पुरुष, 5,53,975 महिलाएं और 34 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में 833 मतदान केंद्र और 1537 मतदेय स्थल हैं। मतदाता सूची में अपना नाम https://voters.eci.gov.in पर सर्च योर नेम विकल्प के जरिए देख सकते हैं।