फोटो - 27 गर्मी में भर्ती मरीज व मौजूद तीमारदार। संवाद
नरैनी। भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच नरैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में आ गई हैं। पड़ताल के दौरान अस्पताल के इमरजेंसी और अन्य वार्ड या कक्ष में मरीजों के लिए कूलर की व्यवस्था नहीं मिली। जिससे भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, एक ओर जहां 30 बेड वाले इस अस्पताल के आयुष्मान वार्ड में एसी चलता हुआ मिला।
तत्कालीन अधीक्षक विपिन शर्मा द्वारा लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व अस्पताल के लिए एक दर्जन से अधिक कूलर खरीदे गए थे, जिनकी लागत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। वर्तमान में अस्पताल के किसी भी वार्ड में ये कूलर नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में इन कूलरों के लापता होने पर भी सवाल उठ रहे हैं और इनकी खरीद व वितरण प्रक्रिया पर संदेह पैदा हो रहा है।
कस्बा व क्षेत्र के महेश, रमेश, निसार और नत्थू सहित अन्य स्थानीय नागरिकों ने बताया कि भीषण गर्मी में मरीजों को राहत देने के लिए अस्पताल में कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
कई तीमारदार तो अपनी ओर से पंखे या अन्य साधन का इंतजाम करने को मजबूर हैं, जो कि स्वास्थ्य केंद्र जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है।