तिंदवारी/नरैनी। स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को नरैनी और तिंदवारी कस्बे में भाजपा की ओर से तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।
हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में छात्र, युवा, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए। सभी ने भारत माता की जय और वंदे मातरम का जयघोष किया।
तिंदवारी में भाजपा की ओर से काली माता मंदिर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। बाइक सवार युवा हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। भिडौरा तिराहा, बबेरू तिराहा और पपरेंदा चौराहे पर ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया।
मनोज गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। यात्रा में जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, अजय प्रताप सिंह, रमेश चंद, अभिलाष गुप्ता, राजेंद्र द्विवेदी, रामभरोसा और कल्लू राजपूत व कार्यकर्ता शामिल रहे।
नरैनी में क्षेत्रीय विधायक ओममणि वर्मा के नेतृत्व में बांदा मार्ग स्थित महिला महाविद्यालय से तिरंगा यात्रा शुरू हुई। यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में भाजपा जिला मंत्री देवेंद्र सिंह भदौरिया, मंडल अध्यक्ष आदित्य चतुर्वेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि हरिश्चंद्र सोनकर और क्षेत्रवासी शामिल रहे।