उद्घाटन करते सांसद भैरो प्रसाद मिश्र, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन साहू
- फोटो : अमर उजाला
स्वच्छ भारत मिशन के तहत बांदा नगर पालिका द्वारा शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में शहर की सफाई व्यवस्था में नागरिकों से भरपूर सहयोग की अपील की गई। कहा कि साफ-सुथरा रहने से नागरिकों के व्यवहार में भी परिवर्तन आएगा।
मंडपम सभागार में आयोजित कार्यशाला में सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने कहा कि सफाई के लिए हरेक को प्रयास करना चाहिए। साफ रहना और साफ रखना अच्छी आदत है। इसे जीवन में ढालना चाहिए। गंगा मिशन के संचार प्रबंधक प्रदीप कुमार सरकार ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता और बेहतर होनी चाहिए। स्वच्छता से ही शहर और जिला स्वच्छ और सुंदर बनेगा।
व्यवहार में भी बदलाव आएगा। वरिष्ठ महिला चिकित्सक डा.शबाना रफीक ने कहा कि सफाई को लेकर हम सब का इरादा मजबूत होना चाहिए। शहर स्वच्छ होगा तो कई रोगों से राहत मिलेगी। बबेरू नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाल सिंह ने स्वच्छता में जन जागरूकता को महत्वपूर्ण बताया। अतर्रा नगर पालिका अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्त भाऊ ने अपने खास अंदाज और लहजे में कार्यशाला को संबोधित करते हुए शेरो शायरी से भी लोगों को सफाई के प्रति प्रेरित किया। बांदा नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष वैश्य राजकुमार राज ने कहा कि हर नागरिक सफाई के प्रति सचेत हो जाएं तो शहर स्वच्छ और सुंदर बनने में देर नहीं लगेगी।
मेजबान नगर पालिका के अध्यक्ष मोहन साहू ने कहा कि अगर हम सब अपने साथ पड़ोसी पांच घरों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करें और उन्हें इस बात के लिए राजी करें कि घर का कूड़ा-कचरा सड़क पर न फेंककर डस्टबिन में डालें। अध्यक्ष ने कार्यशाला में आए लोगों का आभार भी जताया। नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार सिंह, मटौंध नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंह, नरैनी नगर पंचायत अध्यक्ष ओममणि वर्मा, बिसंडा नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मल, तिंदवारी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि फौजी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज जैन, अमित सेठ भोलू, संजय निगम अकेला, अभय गोयल, अनुराग चंदेरिया, जागृति वर्मा सहित नगर पालिका और नगर पंचायतों के सदस्य उपस्थित रहे। मेजबान पालिका के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा ने सभी का आभार जताया। मंच का संचालन मुईन राही द्वारा किया गया।