नरैनी। विधानसभा क्षेत्र नरैनी में संपर्क मार्गों के निर्माण को लेकर बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र में बुंदेलखंड विकास निधि के अंतर्गत विभिन्न संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन ने 525.55 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
विधायक ओममणि वर्मा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इनमें ग्राम पंचायत रिसौरा के मजरा पाड़ादेव पुरवा से नदी की ओर सीसी सड़क निर्माण के लिए 103.46 लाख रुपये, ग्राम पंचायत महुटा के मजरा पांडेय पुरवा संपर्क मार्ग 107.88 लाख रुपये तथा गौतम पुरवा से देवखेर संपर्क मार्ग का 70.34 लाख रुपये से निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त विज्जूपुरवा से बिरौना रक्सी संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 190.72 लाख रुपये तथा बल्लान के मजरा चक्की पुरवा तिराहे मोड़ से चेरा पुरवा होते हुए बरिहाबाबा संपर्क मार्ग का 53.15 लाख रुपये से निर्माण होगा।
विधायक ने बताया कि इन मार्गों के निर्माण की मांग लंबे समय से क्षेत्रीय जनता कर रही थी। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और लोगों को राहत मिलेगी। इन कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग कार्यदायी संस्था होगी।