बांदा। कारोबार के लिए 10 लाख रुपये न देने पर ससुरालियों ने महिला को आग लगाकर मार डाला। आग की चपेट में आने से उसका पति और बेटी भी झुलस गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुलसे पति का कहना है कि एसी में शार्ट सर्किट से हुए ब्लास्ट से आग लगी है, आग से बचाने में वह व उसकी बेटी झुलसी है। जबकि महिला के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर कारोबार के लिए 10 लाख रुपये न देने पर बेटी को मारपीट कर उत्पीड़न कर जलाकर मार डालने की तहरीर दी है। कोतवाली में मारपीट, उत्पीड़न व हत्या की धारा में पति समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सास-ससुर, ननद और पति को हिरासत में लिया है। पूरे प्रकरण की पुलिस जांच कर रही है। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंची, लेकिन उनके पहुंचने से पहले आग बुझ चुकी थी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अलीगंज मोहल्ला स्थित ईदगाह रोड निवासी सना सैफीन (32) की मंगलवार को करीब सुबह छह बजे अपने मकान के ऊपरी तल में बने कमरे में अपने तीन बच्चों व पति के साथ थी। तभी आग लगने से सना की जलकर मौत हो गई, जबकि उसके पति मोहम्मद जमील उर्फ बबलू (38) व बेटी अलीफा (5) भी आग की चपेट में झुलस गए। मोहल्लेवासियों व परिजनों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। पुलिस ने पति और बेटी को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज किया जा रहा है। झुलसे पति का कहना है कि उसकी पत्नी सना एसी के नीचे सो रही थी, तभी शार्ट सर्किट होने से एसी में ब्लास्ट हो गया और आग लग गई। उसे बचाने में वह और उसकी बेटी झुलस गई है। घटना की पुलिस और फॉरेसिंक टीम ने मौके पर जांच की।
उधर, घटना की सूचना साढ़े सात बजे सना के मायके मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के कुंजरहटी मोहाल पहुंचने पर दोपहर के समय पहुंचे सना के पिता मुश्ताक राईन ने बताया कि वह फर्नीचर कारोबारी हैं। उन्होंने अपनी बेटी सना की शादी वर्ष 2016 में की थी। शादी के बाद से उसकी बेटी को ससुराली पसंद नहीं करते थे। बात-बात पर ताना और मारपीट करते थे। उनका दामाद जमील उर्फ बबलू कुछ नहीं करता था। उसे कारोबार कराने के लिए वर्ष 2020 में पांच लाख रुपये व वर्ष 2022 में पांच लाख रुपये दो बार में दिए थे। दो माह पहले उनसे तीसरी बार 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। न देने पर उसकी बेटी को ससुरालियों ने जलाकर मार डाला है। पिता ने कोतवाली में पति जमील उर्फ बबलू, ससुर रफीक, सास फरीदा, ननद साजिया, साजिया का पति असलम, देवर इमरान उर्फ शानू व इरफान उर्फ रीनू पर उत्पीड़न, मारपीट व जलाकर मार डालने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने पति, सास-ससुर और ननद को हिरासत में लिया है।