फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जांच पूरी, सीबीआई ने दाखिल की 891 पेज की चार्जशीट

विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। बच्चों के यौन उत्पीड़न की जांच कर रही सीबीआई ने एफआईआर दर्ज करने के 104 दिन बाद 891 पेज की चार्जशीट शुक्रवार को यहां अदालत में दाखिल कर दी। अगली सुनवाई 15 फरवरी को होगी। चार्जशीट आरोपियों को भी मुहैया कराई जाएगी। उन्हें अदालत में तलब किया जा सकता है।
विज्ञापन

किशोर उम्र बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न केस में सीबीआई की दिल्ली टीम ने 31 अक्तूबर 2020 को सीबीआई स्पेशल क्राइम तृतीय ब्रांच नई दिल्ली ने धारा 377 आईपीसी, 14 पाक्सो एक्ट और 67 बी आईटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की थी। मुख्य आरोपी चित्रकूट के सिंचाई विभाग अवर अभियंता (निलंबित) रामभवन को 16 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया था। रिमांड पर लेकर तमाम सुबूत जुटाए थे। बाद में रामभवन की पत्नी दुर्गावती को भी सह आरोपी के रूप में 28 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों जेल में हैं।
इस केस की सुनवाई कर रही पंचम एडीजे/विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट अदालत में इस बीच कई तारीखें पड़ीं। अभियोजन और बचाव पक्ष ने अपनी-अपनी दलीलें दीं। रामभवन की गिरफ्तारी के 88वें दिन और एफआईआर के 104वें दिन शुक्रवार (12 फरवरी) को विशेष न्यायाधीश मो. रिजवान अहमद के समक्ष सीबीआई के उपाधीक्षक/इस केस विवेचक अमित कुमार, इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी और वरिष्ठ अभियोजक अशोक कुमार सिंह ने चार्ज शीट दाखिल की। यह ताला बंद बक्से में थी। चार्जशीट 891 पेज की बताई गई है। इसके साथ सीबीआई ने साक्ष्यों के तौर पर फोटो ग्राफ, सीडी, गवाहों के बयान इत्यादि भी शामिल किए हैं।
विज्ञापन

बच्चों के यौन उत्पीड़न में तीसरी गिरफ्तारी
बांदा। बच्चों के यौन उत्पीड़न केस में अब गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। सीबीआई ने एक और आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। मो. आकिब अंसारी नामक इस आरोपी को शुक्रवार को यहां पाक्सो एक्ट के विशेष न्यायाधीश मो. रिजवान अहमद के समक्ष पेश किया गया। उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। सीबीआई ने उसे पुलिस कस्टडी में देने के लिए अदालत में अर्जी दी। इस पर न्यायाधीश ने सुनवाई के लिए 15 फरवरी की तिथि निर्धारित की है। सीबीआई ने आकिब को 10 फरवरी को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा कि सीबीआई को आकिब के पास मुख्य आरोपी रामभवन से व्हाट्सएप आदि पर मैसेज आदि के आदान-प्रदान के साक्ष्य मिले हैं। उस पर पाक्सो एक्ट और आरटी एक्ट लगाने की खबर है। इस केस में सीबीआई अब तक रामभवन, उसकी पत्नी दुर्गावती और दिल्ली निवासी आकिब को गिरफ्तार कर चुकी है। अभी और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है। माना जा रहा कि आकिब से कुछ और सुबूत मुख्य आरोपी के विरुद्ध मिले तो सीबीआई उन्हें भी आरोप पत्र में शामिल करेगी। (संवाद)
अभी और लोग हैं सीबीआई के राडार में
चित्रकूट। 50 से अधिक बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न कर पोर्न वीडियो बनाने फिर इससे करोड़ों रुपये कमाने के मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए आकिब का शुक्रवार को यहां जिला अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया। उसे यहां से सिंचाई विभाग रेस्ट हाउस लेकर पहुंची और वहां से बांदा की ओर रवाना हुई। दिल्ली में गीता कालोनी निवासी मो. आकिब की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई चित्रकूट जिले के कुछ और जेई के सहयोगियों की लिस्ट तैयार कर रही है। सूत्रों की माने तो एसडीएम कालोनी निवासी कुछ शिक्षक से लेकर अवर अभियंता के बिरादरी के कई शिक्षकों व स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को पूछताछ के लिए फिर सीबीआई बुलाएगी। बृहस्पतिवार की देर रात को सीबीआई टीम दिल्ली के आरोपी को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। उसका मेडिकल चेकअप व कोरोना जांच के बाद शुक्रवार की सुबह सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस में रखा। इसके बाद उसे लेकर बांदा की ओर रवाना हो गई। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें