बांदा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना लागू करने में
विभागों की लापरवाही उजागर हुई है। शनिवार (9 जनवरी) को इस योजना का
उद्घाटन लाभार्थियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराए बिना कराने की तैयारी है।
बांदा शहर के सभी राशन कार्ड नगर पालिका में रखे गए हैं। उन्हें अब तक
बांटा नहीं गया।
एक जनवरी से प्रदेश सरकार ने बांदा जनपद में भी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू कर दिया है। हालांकि तैयारियां आधी-अधूरी हैं।
बांदा
जनपद में इस योजना में 1,10,325 राशन कार्ड चयनित किए गए हैं। जनपद में
कुल राशन कार्डों की संख्या 3,69,141 है। इसमें बीपीएल, एपीएल और अंत्योदय
तीनों शामिल हैं।
शहरी क्षेत्रों में 26,763 राशन कार्डों को
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में शामिल किया गया है। शनिवार को चयनित
कार्ड धारकों को राशन बांटकर योजना का उद्घाटन करने की तैयारी है, लेकिन
शहर में एक भी लाभार्थी को राशन कार्ड नहीं मिला है।
योजना के लिए
प्रिंट कराए गए नए राशन कार्ड नगर पालिका के सभागार में धूल खा रहे हैं।
उधर, इस बाबत नगर पालिका में इन राशन कार्डों के वितरण का काम देख रहे
संजीत कुमार ने बताया कि नए राशन कार्ड कल (गुरुवार) को प्राप्त हुए हैं।
इन्हें
बंटवाने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगवाई जा रही है। वार्ड सदस्यों का
भी सहयोग लिया जा रहा है। शनिवार से कार्ड बंटने लगेंगे।