विधान सभा चुनाव में गड़बड़ी रोकने और अपराधियों पर शिकंजा कसने को पुलिस और सीएएफ जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च किया। आधुनिक शस्त्रों से लैस जवान आकर्षण का केंद्र रहे। यूपी-100 और वज्र वाहनों के हूटर भी गूंजते रहे।
जनपद के चारों विधान सभा सीटों पर मतदान 23 फरवरी को है। पुलिस चौकसी में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखना चाहती। रविवार को पुलिस उपाधीक्षक नगर डा.राकेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (सीएएफ) और पुलिस कर्मियों ने पैदल मार्च पास्ट किया।
अलीगंज पुलिस चौकी से शुरू होकर खूंटी चौराहा, जिला परिषद, गूलर नाका, चौक बाजार, महेश्वरी देवी, बलखंडी नाका, कटरा, स्वराज कालोनी होते हुए पुलिस लाइन में फ्लैग मार्च का समापन हुआ। आधुनिक शस्त्रों और मिलेट्री पोशाक से लैस सीएएफ जवान आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह समेत शहर के सभी पुलिस चौकियों के प्रभारी मौजूद रहे।