Bus stuck at railway crossing, Chambal Express stopped
- फोटो : BANDA
अतर्रा। सवारियों को लेकर बबेरू जा रही पीले रंग की प्राइवेट बस रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से रेल पटरी पर फंस गई। उसी समय कर्वी की ओर से आ रही चंबल एक्सप्रेस को आउटर में रोकना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर आरपीएफ ने ड्राइवर को पकड़कर बस को रेलवे स्टेशन परिसर में खड़ा कराया है।
बुधवार को लगभग साढ़े 11 बजे बिसंडा रोड से 45 सवारियों को लेकर प्राइवेट बस जा रही थी। चंबल एक्सप्रेस ट्रेन के आने का संकेत मिलने पर बिसंडा का गेटमैन फाटक बंद करने लगे। इसी बीच चालक सुखबीर ने तेज रफ्तार बस को पार कराने का प्रयास किया। बस की छत पर फाटक गिर गया। फाटक पूरा नहीं बंद हो पाया इसके साथ ही बस पटरी के बीच फंस गई। गेट मैन की सूचना पर चंबल एक्सप्रेस को आउटर पर रोका गया। आरपीएफ ने बस को कब्जे में ले लिया। इस दौरान चंबल एक्सप्रेस करीब 20 मिनट खड़ी रही। बस हटाने के बाद ट्रेन को निकाला गया।
आरपीएफ एसआई अतुल कुमार ने बताया कि गेटमैन की तहरीर पर प्राइवेट बस ड्राइवर सुखवीर, परिचालक लाला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि कार्रवाई की जाएगी।