संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। जसपुरा थाना क्षेत्र के सिकहुला गांव में बैंक ऋण न चुका पाने से परेशान किसान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब किसान का बेटा पशुबाड़े पहुंचा तो पिता को फंदे से झूलता हुआ पाया। जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी।
शुक्रवार की सुबह थाना क्षेत्र के सिकहुला गांव निवासी 70 वर्षीय गोरेलाल का शव पशु बाड़े में धन्नी से लटकता हुआ मिला। दिवंगत किसान के बेटे रामशंकर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर मेडिकल कालेज भेज दिया। शिवशंकर ने बताया कि पिता काफी समय बैंक से लिया कर्ज को चुकाने के लिए परेशान थे लेकिन कई सालों से खेती में घाटा लगने के कारण आर्थिक स्थित खराब होने से वह कर्ज अदा नहीं कर पा रहे थे।
इस दौरान आर्यवर्त बैंक से उन्हें लगातार कर्ज चुकाने के लिए नोटिस भेजा जा रहा था। जिसके चलते वह तनाव में थे। नवंबर में बैंक से लिया गया 70 हजार रुपये कर्ज ब्याज जोड़कर 1.30 लाख हो गया था। जिसके बाद कई बार नोटिस व बैंक से परेशान होकर पिता ने आत्मघाती कदम उठाया। थाना प्रभारी ऋषिदेव सिंह ने बताया कि फिलहाल बीमारी से परेशान होने के कारण आत्महत्या की बात सामने आई। जांच कराई जा रही है।