बांदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राठ के मैदान से बुंदेलखंड की चारों सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों की हैट्रिक की गारंटी लेने आ रहे हैं। भाजपा के लिए बुंदेलखंड इस वक्त वह अभेद किला है, जिसमें कहीं से भी सेंध लगी तो किले को बचाना मुश्किल होगा। यह बात प्रधानमंत्री भी अच्छी तरह से जानते हैं। झांसी, जालौन, बांदा और हमीरपुर की चारों सीटें 2024 में हैट्रिक पर हैं, लिहाजा प्रधानमंत्री किसी भी तरह की चूक करना नहीं चाहते हैं। राठ की जनसभा से ही चारों सीटों के प्रत्याशियों को मंच पर लेकर जनता से उनकी जीत की गारंटी मांगेंगे।
बता दें कि हमीरपुर-महोबा सीट से पुष्पेंद्र सिंह और जालौन-भोगनीपुर सीट से भानुप्रताप 2014 व 2019 का चुनाव जीत चुके हैं। इसी तरह बांदा-चित्रकूट टीट पर 2014 में भाजपा के भैरों प्रसाद तो 2019 में आरके पटेल ने जीत हासिल की थी। लिहाजा यहां पार्टी हैट्रिक पर है। वहीं झांसी सीट भी 2014 से भाजपा के पास ही है, यहां से उमा भारती के बाद वर्तमान में अनुराग सांसद हैं। लिहाजा मोदी की मंशा होगी कि चारों सीटों पर भाजपा की जीत हो, जिससे पार्टी और प्रत्याशियों की हैट्रिक पूरी हो।
- बुंदेली बोली से दिलों में उतरने का होगा प्रयास
प्रधानमंत्री हर बार की तरह इस बार भी राठ की जनसभा की शुरुआत बुंदेली भाषा से ही करेंगे। इससे पहले भी वह जब दो साल पहले जालौन आए तो उन्होंने जनता का अभिभावन सभइन भइयन व बहनन का आभार और प्यार से भाषण की शुरुआत करेंगे।
- राठ में पीएम की यह पहली चुनावी सभा होगी
प्रधानमंत्री पहली बार हमीरपुर के राठ आ रहे हैं। इससे पहले वह चित्रकूट, जालौन और महोबा में आ चुके हैं। हांलाकि चित्रकूट के किसी राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया है। रही बात राठ की तो यहां वह पहली बार मंच से पूरे बुंदेलखंड को साधने का काम करेंगे।
- एक्सप्रेसवे और परियोजनाओं की गिनाएंगे उपलब्धियां
प्रधानमंत्री विपक्ष पर निशाना साधने के साथ-साथ बुंदेलखंड को दिए गए एक्सप्रेसवे की सौगात का जिक्र भी जरूर करेंगे। यहां के किसानों को दी जाने वाली सम्मान निधि के अलावा केन-बेतवा लिंक परियोजना और जल जीवन मिशन भी उनकी जुबां पर जरूर आएगी।