बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड वीरांगनाओं की धरती है। इस धरा को हम नमन करते हैं। यहां के विकास में हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
निर्धारित समय 11:15 बजे से करीब 45 मिनट पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर रानी दुर्गावती मेडिकल काॅलेज में सुबह 10:30 बजे उतरा। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद व नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, जिलाध्यक्ष संजय सिंह, उपाध्यक्ष प्रेम स्वरूप द्विवेदी, संतोष गुप्ता आदि ने उनका स्वागत किया। रानी दुर्गावती मेडिकल काॅलेज गेट पर स्थापित रानी दुर्गावती की प्रतिमा का सीएम ने लोकार्पण किया।
कहा कि बुंदेलखंड विकास की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। महिलाओं और बेटियों को घर-घर पानी मिल रहा है। सिर पर घड़ा रख नहीं जाना पड़ रहा है। करीब 15 मिनट रुकने के बाद कार से मुख्यमंत्री का काफिला महुआ रवाना हुआ।
वहां तेलंगाना के भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी की मां के तेरहवीं संस्कार में शामिल हुए। उनकी मां जयंती देवी को श्रद्धांजलि दी। करीब 20 मिनट रुकने के बाद कार से मेडिकल कॉलेज आए और हेलीकाॅप्टर से चित्रकूट रवाना हो गए।