बांदा। बुंदेलखंड इंसाफ सेना ने डीआईजी कार्यालय में प्रदर्शन कर शहजादी को बहला फुसलाकर आगरा ले जाने और दुबई में बेचने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
अध्यक्ष एएस नोमानी ने बताया कि मटौध थाना क्षेत्र के गोयरा मुगली की शहजादी पुत्री शब्बीर को आगरा निवासी उर्जर उर्फ पन्ना चौधरी फेस बुक के जरिए दोस्ती बनाकर आगरा ले गया वहां से उसे दुबई में बेच दिया। जहां पर शहजादी को एक बच्चे की हत्या के जुर्म में फांसी की सजा सुनाई गई थी। जिसे 21 सितंबर को फांसी होनी थी।
लेकिन भारत सरकार के सहयोग से यह फांसी फिलहाल टल गई है, लेकिन शहजादी के पिता ने शहजादी को इस मुकाम तक पहुंचाने वाले आरोपियों के विरूद्ध मटौंध थाने में केस दर्ज कराया है। तीन माह का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। जब कि आरोपी उर्जर की जमानत उच्च न्यायालय प्रयागराज से खारिज हो चुकी है।
नोमानी ने टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी किए जाने की मांग की हैं। ताकि फिर कोई बेटी इनकी शिकार न हो सके। साथ ही इसकी भी जांच कराई जाए कि अब तक कितनी लड़कियों को ऐसे लोगों ने दुबई में बेचा है और वह किस हाल में है।