बांदा। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड में बुंदेलखंड के डायरेक्टर पद पर बांदा जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष इंद्रपाल पटेल को निर्विरोध चुना गया है। चित्रकूटधाम और झांसी मंडल के 20 शाखा प्रतिनिधियों ने उन्हें चुना। बुधवार को प्रबंधकों ने उनका स्वागत किया।
बांदा स्थित बैंक शाखा में अध्यक्ष शिवशरण शुक्ला और क्षेत्रीय मंडलीय प्रबंधक रामकुमार की उपस्थिति में मंडलीय बैठक हुई। नवनियुक्त डायरेक्टर इंद्रपाल पटेल का सभी ने स्वागत किया। वरिष्ठ प्रबंधक श्रीराम भार्गव ने भी उन्हें फूलों की माला पहनाई।
इंद्रपाल पटेल ने भरोसा दिलाया कि बैंक की समस्याओं का निराकरण प्रबंध तंत्र और शासन स्तर से करवाने का भरपूर प्रयास करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र के विकास और किसानों की आय बढ़ाने में बैंक की भूमिका को सार्थक बनाया जाएगा। कृषि आधारित इकाइयों की स्थापना में बैंक पूरा सहयोग करेगा। बैंक की खोई गरिमा को पुन: वापस लाना उनकी प्राथमिकता होगी।
डायरेक्टर ने बैंक के व्यवसायिक क्रियाकलापों, वसूली आदि में मंडल को सर्वोच्च स्थान पर लाने का आह्वान किया। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बैठक में बैंक की वर्तमान स्थिति, वसूली, ऋण वितरण आदि के बारे में नवनिर्वाचित डायरेक्टर को जानकारियां दीं। वरिष्ठ प्रबंधक श्री भार्गव ने समारोह का संचालन किया।