Bundelkhand Development Board headquarters to be built at Banda Agricultural University
- फोटो : BANDA
बांदा। बुंदेलखंड विकास बोर्ड की स्थापना के बाद गुरुवार को कृषि विश्वविद्यालय में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें बोर्ड का कार्यालय बांदा कृषि विश्वविद्यालय में स्थापित करने का निर्णय लिया गया। अगले माह यहां राष्ट्रीय सम्मेलन कराने का भी निर्णय हुआ। इसमें मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे।
उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव कुमार कमलेश और आर्थिक सलाहकार केवी राजू ने विश्वविद्यालय में बैठक की। डीएम हीरालाल और बोर्ड के सदस्य तथा कृषि विश्वविद्यालय कुलपति डा. यूएस गौतम भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि बोर्ड का मुख्यालय कृषि विश्वविद्यालय में स्थापित होगा।
9 से 11 जनवरी के बीच बुंदेलखंड विकास रणनीति एवं भविष्य में राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन और समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। बोर्ड सदस्यों ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बुंदेलखंड के विकास के लिए रोडमैप/कार्य योजना तैयार करना है।
इस सम्मेलन की प्रशासनिक अध्यक्षता डीएम हीरालाल और तकनीकी अध्यक्षता कुलपति यूएस गौतम करेंगे। गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व ही प्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड विकास बोर्ड गठित किया है। बैठक में अर्थ एवं संख्या उपनिदेशक एसएन त्रिपाठी, अर्थ एवं संख्याधिकारी संजीव कुमार बघेल आदि शामिल रहे।