बांदा। खजुराहो इंटरनेशल फि ल्म फेस्टिवल में बुंदेलखंड के कलाकारों द्वारा बनाई गई टेली और शार्ट फिल्में तथा वृत्त चित्रों का प्रदर्शन होगा। बुंदेली युवाओं और कलाकारों को मंच और मौका मिलेगा। फेस्टिवल में यूपी और एमपी के बुंदेलखंड सहित मुंबई की कई फिल्मी हस्तियां शामिल होगी। फेस्टिवल खजुराहों में 17 से 23 दिसंबर तक होगा।
फिल्म फेस्टिवल के यूपी बुंदेलखंड संयोजक और बुंदेली सेना के चित्रकूट जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने सोमवार को बताया कि फेस्टिवल में शामिल होने या प्रतिभाग के लिए किसी रजिस्ट्रेशन या शुल्क की जरूरत नहीं है। फेस्टिवल में टपरा टाकीजें बनाई जाएंगी।
इनमें बुंदेलखंडी, देशी और विदेशी फिल्में दिखाई जाएंगी। फेस्टिवल के संयोजक फिल्म अभिनेता और प्रयास प्रोडेक्शन, मुंबई के राजा बुंदेला के निर्देशन में तैयारियां चल रही है। यह भी बताया कि फेस्टिवल में किसानों को उन्नत खेती के तरीके बताए जाएंगे।
अजीत सिंह ने बताया कि बुंदेलखंड के कलाकारों द्वारा बनाई गई टेली और शार्ट फिल्मों तथा वृत्त चित्र का 10 दिसंबर तक संग्रह किया जाएगा। फेस्टिवल में ये फिल्में दिखाई जाएंगी। स्थानीय युवा कलाकारों को भी अभिनय में भाग्य आजमाने का मौका मिलेगा। बताया कि युवाओं के लिए कार्यशाला भी होगी।
ओमपुरी फाउंडेशन कम से कम दो नवोदित कलाकारों को हर साल स्कालरशिप देता है। बताया कि बांदा और महोबा की कई शार्ट फिल्में पिछले साल फेस्टिवल में दिखाई जा चुकी हैं। इस बार यूपी-एमपी के बुंदेलखंड के सभी जिलों से प्रतिभाओं को फेस्टिवल में सहभाग कराने की योजना है।