बांदा। सड़क के चौड़ीकरण में आड़े आ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए शनिवार को सुबह दस बजे पुलिस लाइन तिराहे पर आला अफसर बुलडोजर लेकर पहुंचे। यहां बुलडोजर से अतिक्रमण ढहाना शुरू किया। मौके पर डीएम एसपी के साथ एडीएम, एसडीएम, एएसपी, सीओ आदि सहित पुलिस फोर्स मौजूद रही। अतिक्रमण कर बनाई गईं कई दुकानें और मकान ढहा दिए गए।
कनवारा बाईपास से क्योटरा तिराहे तक करीब चार किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। इसमें कई जगह अतिक्रमण आड़े आ रहा था। जिला प्रशासन ने करीब माह भर पहले अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगवाए थे। साथ ही चेतावनी दी थी कि अपना अतिक्रमण हटवा लें, अन्यथा प्रशासन बुलडजोर चलवाएगा और हर्जा-खर्चा भी वसूल करेगा। इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों ने अतिक्रमण नहीं हटवाया। शुक्रवार को क्योटरा तिराहे से पुलिस लाइन तिराहे तक अतिक्रमण स्वत: हटाने की एक फिर उद्घोषणा की गई। इसके बाद सुबह कुछ लोगों ने टिन-टप्पर जरूर हटवाए, पर पक्का निर्माण नहीं तोड़ा।
इस पर जिलाधिकारी जे. रीभा और एसपी पलाश बंसल शनिवार को सुबह दस बजे भारी पुलिस फोर्स और अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन तिराहे पर पहुंचे। दोनों तरफ वाहनों के आवागमन रोककर अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। इस बीच पुलिस लाइन तिराहे के पास कई पक्की दुकानें और मकान भी ढहाए गए। सुबह दस बजे शुरू हुआ अभियान करीब दो बजे तक चला। करीब एक किलोमीटर में दोनों तरफ अतिक्रमण साफ किया गया।
इस बीच लोग अधिकारियों के सामने गिड़गिड़ाते रहे, पर किसी एक नहीं सुनी गई। एसडीएम सदर अमित शुक्ला, ईओ श्रीचंद्र चौधरी, सीओ राजीव प्रताप प्रताप सिंह, कोतवाल बलराम सिंह आदि पूरे समय अतिक्रमण हटवाने के लिए डटे रहे। एसडीएम ने कहा कि पूरा अतिक्रमण हटवाया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर एफआईआर कराई जाएगी।