मेडिकल कॉलेज के सामने अतिक्रमण हटवाते अधिकारी।-संवाद
बांदा। तहसील प्रशासन और नगर पालिका ने सोमवार को दोपहर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के सामने हाईवे के दोनों तरफ किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया। नायब तहसीलदार ने चेतावनी दी कि यदि बचा अतिक्रमण दो दिन के अंदर नहीं हटवाया गया तो बुलडोजर से गिरवाया जाएगा और जुर्माना वसूल किया जाएगा।
बांदा-नरैनी राज्यमार्ग पर स्थित रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के सामने गुमटी रखकर व तारबाड़ी कर कई लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। इसके अलावा प्लाटिंग कारोबारी भी अतिक्रमण कर रहे हैं। जिलाधिकारी के यहां मामले की शिकायत पहुंची तो उनके निर्देश पर सोमवार को नगर पालिका के अधिकारी व नायब तहसीलदार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बुलडोजर चलवाया। मेडिकल कॉलेज गेट नंबर एक के सामने करीब छह दुकानों को हटवाया। गेट नंबर दो में अतिक्रमण करते हुए की गई तारबाड़ी को भी हटवाया गया। यहां अवैध रूप से हाईवे किनारे रखे गुमटी और दुकानों को चिह्नित किया। उन्हें चेतावनी दी कि यदि दो दिन के अंदर स्वत: अतिक्रमण नहीं हटवाया तो प्रशासन फिर से बुलडोजर चलवाएगा। इस बीच नायब तहसीलदार से दुकानदारों की नोकझोंक भी हुई। कार्रवाई के समय नगर पालिका के वरिष्ठ खाद्य निरीक्षक हेमंत प्रसाद, नायब तहसीलदार हेमंत कुमार, रामजस सिंह, मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी सहित पुलिस फोर्स मौजूद रही।