बांदा। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की सेवाएं दिन-ब-दिन बद्तर होती जा रही हैं। इसके उपभोक्ता क्षुब्ध हैं। त्योहारी मौसम में सोमवार को भी चित्रकूटधाम मंडल में पूरा दिन बीएसएनएल का नेटवर्क ध्वस्त रहा।
उपभोक्ताओं को भारी असुविधा हुई। नेटवर्क न रहने से विभिन्न विभागों का करोड़ों रुपये का लेन-देन नहीं हो सका। निगम का कोई भी स्थानीय अधिकारी फोन पर उपलब्ध नहीं हुआ। सभी के मोबाइल फोन पूरा दिन स्विच ऑफ बताते रहे।
बीएसएनएल के प्रति लोगों की धारणा दिन-ब-दिन बिगड़ रही है। प्राइवेट क्षेत्र के नेटवर्क जहां उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाओं से अपनी ओर रिझाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे वहीं बीएसएनएल अधिकारी अपने उपभोक्ताओं के प्रति बेपरवाह हैं। आए दिन केबिल कटने या अन्य फाल्टों से नेटवर्क ठप रहता है।
सोमवार को सुबह से बंद हुआ नेटवर्क देर रात तक नहीं बहाल हुआ। इसकी स्पष्ट वजह भी पता नहीं चली। बीएसएनएल अधिकारियों व अभियंताओं के फोन बीएसएनएल कंपनियों के होने से स्विच ऑफ बताते रहे। पता चला कि घाटमपुर के पास सड़क के पास कहीं भूमिगत लाइन कट गई है। इसी से पूरे मंडल में ब्राड बैंड और मोबाइल फोन का नेटवर्क ठप रहे। विभिन्न विभागों में कामकाज नहीं हो पाया।
परिवहन कार्यालय में आरटीओ प्रशासन पीके सिंह ने बताया कि सोमवार को माह का अंतिम दिन था। इस दिन क्लोजिंग होनी थी। मंडल के चारों जनपदों से ऑनलाइन होती है। नेटवर्क न होने से नहीं हो पाई। चारों जिलों में लगभग 80 लाख रुपये राजस्व जमा नहीं हो पाया। इसी तरह बांदा मुख्यालय के कोषागार में भी लेन-देन नहीं हुआ। कोषाधिकारी ने बताया कि विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। बैंकों और मीडिया के कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित रहा।