बांदा। जुताई करते समय ट्रैक्टर पलट जाने से बीएससी छात्र की मौत हो गई। अन्य सड़क हादसों में बाइक सवार मामा-भांजा सहित तीन घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के पिपरगवां गांव निवासी धर्मेंद्र (21) पुत्र रामपाल यादव शनिवार को सुबह अपने भाई का ट्रैक्टर लेकर बिसंडा थाना क्षेत्र के मझीवां सानी गांव में अपने मौसा मन्ना यादव का खेत जोतने गया था। वहां एक दूसरे खेत में दलदल में फंसे ट्रैक्टर को अपने ट्रैक्टर से निकालते समय ट्रैक्टर पलट गया।
स्टेयरिंग संभाले धर्मेंद्र ट्रैक्टर में बंधे कल्टीवेटर पर जा गिरा। कल्टीवेटर के नुकीले भाले उसके शरीर में घुस गए। उसकी वहीं मौत हो गई। भाई रामबहोरी ने बताया कि धर्मेंद्र मुरवल गांव स्थित महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। दो भाइयों में छोटा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
उधर, बिसंडा थाना क्षेत्र के पवई गांव निवासी हरी सिंह (50) पुत्र सदलू और उसका भांजा बलवान (35) पुत्र शिव सिंह शनिवार को दोपहर एक ही बाइक पर बांदा से गांव जा रहे थे। सहेवा गांव के पास बाइक पलट जाने से दोनों घायल हो गए। उन्हें यूपी-100 ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हरी सिंह की हालत नाजुक बताई गई। एक अन्य घटना में बिसंडा निवासी विद्या (40) पत्नी रामप्रसाद शनिवार को सुबह बाइक से गिरकर घायल हो गई।