बांदा। किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहे छात्र के कमरे में घुसकर उसी मकान में रहने वाले दूसरे किराएदार ने अपने साथियों के साथ हमला कर दिया। छात्र के कमरे में रखे कंप्यूटर व अन्य उपकरण तोड़ दिए। छात्र के साथ मारपीट की। फीस के लिए रखे 4700 रुपये ले गए। छात्र ने कोतवाली में तहरीर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बिजली खेड़ा मोहल्ले में बिसंडा थाना क्षेत्र के पिस्टा गांव निवासी छात्र आकाश सिंह किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करता है। छात्र ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मकान में किराए से रहने वाला पिस्टा गांव का ही सुमित यादव बुधवार की रात उसके कमरे के दरवाजे में आकर अभद्रता करने लगा।
मना करने पर उसने सुबह देख लेने की धमकी दी। गुरुवार की सुबह आरोपी 12 लोगों के साथ दरवाजे की कुंडी तोड़कर घुस आया और उसके साथ मारपीट कर दी। उसका मोबाइल व कंप्यूटर तोड़ दिया। शहर कोतवाल अनूप ने बताया कि छात्र की तहरीर मिली है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।