बांदा। निमंत्रण में जा रहे दो लोगों को बोलेरो सवार चार लोगों ने रास्ते में रोककर हॉकियों से पीटकर घायल कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से रेफर कर दिया है।
पैलानी थाना क्षेत्र के पड़ोहरा गांव निवासी नाथूराम (21) शुक्रवार की देर रात बाइक से गांव आ रहा था। जसपुरा थाना क्षेत्र के झंझरी गांव के पास बोलेरो सवार चार लोगों ने उसकी बाइक रुकवाकर लूट के उद्देश्य से हाकियों से पीटा। उसे सड़क किनारे फेंक दिया।
उधर, हमीरपुर जिले के पारा कोठी गांव निवासी हीरालाल (35) बाइक से निमंत्रण में झंझरी पुरवा गांव जा रहा था। झंझरी पुरवा व जसपुरा गांव के बीच हीरालाल को बोलेरो सवारों ने रोक लिया और हाकियों से पीट दिया। जीजा मनोज ने बताया कि पीछे से वह लोग गाड़ी से आ रहे थे। उन्होंने नाथूराम और हीरालाल को सड़क से उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना के संबंध में जसपुरा इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि नशे में दोनों बाइक सवार आपस में टकराकर घायल हो गए थे। उन्हें यूपी-112 पुलिस द्वारा एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। लूट के इरादे से मारपीट की बात गलत है। घटना की जांच की जा रही है। घायलों की बाइकों को थाने में खड़ा कराया गया है।